(वायरलेस न्यूज नेटवर्क)
बीजद 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगा : नवीन पटनायक
नयी दिल्ली, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) अपने बूते मैदान में उतरेगी जैसा कि उसने ‘हमेशा’ किया है।
अपने राज्य से जुड़े विकास के मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक के बाद राष्ट्रीय राजधानी में मीडिया से बात करते हुए पटनायक ने कहा कि नीतीश कुमार का भुवनेश्वर आकर उनसे मिलना एक ‘शिष्टाचार भेंट’ थी। उन्होंने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों से समान दूरी बनाए रखने की अपनी पार्टी की स्थिति को एक बार फिर से दोहराया।
पटनायक वर्ष 2000 से ओडिशा की कमान संभाल रहे हैं और उनके नेतृत्व वाला बीजद उन क्षेत्रीय दलों में शामिल है जिसने सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष के बीच मतभेदों से जुड़े मुद्दों पर अक्सर तटस्थ रुख बनाए रखा है। कई बार उसने संसद में भी भाजपा का समर्थन किया है।
पटनायक ने कहा कि उन्होंने अपने राज्य से संबंधित मुद्दों को उठाने के लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
करीब 20-25 मिनट तक चली बैठक में पटनायक ने निर्माणाधीन श्री जगन्नाथ हवाई अड्डा, अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्राम पंचायत में बैंक शाखाएं खोलने समेत राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दों को उठाया।
कुमार के साथ उनकी बैठक और ‘तीसरे मोर्चे’ के उभरने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, जहां तक मेरा सवाल है, अभी नहीं।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या बीजद आगामी चुनाव अकेले लड़ेगा, उन्होंने कहा, ‘‘हमेशा ऐसा ही होता रहा है।’’
शुक्रवार तक दिल्ली में मौजूद पटनायक ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा यात्रा में किसी अन्य नेता से मिलने की उनकी कोई योजना नहीं है।
नितीश कुमार के साथ मंगलवार को हुई मुलाकात के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘यह शिष्टाचार भेंट थी, उन्होंने मुलाकात की। यह अच्छी तरह से हुआ।’’
बैठक के बाद मंगलवार को पटनायक और कुमार दोनों ने दावा किया था कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए जद (यू) और बीजद के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं हुई। (भाषा)
Author Profile
Latest entries
छत्तीसगढ़August 9, 2026कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ
छत्तीसगढ़August 6, 2026सुप्रीम कोर्ट ने कार्यरत शिक्षकों को TET परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 31अगस्त 2028 तक का समय-सीमा निर्धारित किया है-राजेश चटर्जी सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को TET परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया है TET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं ! हजारों शिक्षकों की नौकरी खतरे में है ?
बिलासपुरAugust 6, 2026कटघोरा–डोंगरगढ़ नई रेल लाइन की स्वीकृति हेतु केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों के प्रति स्वागत करने कार्यकर्ता हुए सक्रिय
बिलासपुरAugust 5, 2026भंनवारटंक के पास देर रात सड़क किनारे एक तेंदुआ दिखाई दिया, क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों में वन विभाग ने सतर्कता बढ़ाई.. देखें विडियो










