*दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–छिंदवाड़ा-सिवनी–नैनपुर–गंगाझरी रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण*
*अमृत स्टेशन कार्यों, यात्री सुविधाओं, रेलवे कॉलोनियों एवं चिकित्सालयों सहित संरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा*
*दपूमरे, नागपुर मंडल – ( वायरलेस न्यूज 20 अप्रैल 2026) *
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा आज दिनांक 20 अप्रैल 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से विशेष निरीक्षण यान द्वारा प्रस्थान कर छिंदवाड़ा-सिवनी–नैनपुर–गंगाझरी रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता, यात्री सुविधाओं, रेलवे कॉलोनियों एवं चिकित्सीय व्यवस्थाओं का समग्र मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म का उन्नयन एवं विस्तार, उच्च स्तरीय प्रतीक्षालय, स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था, एस्केलेटर/लिफ्ट की उपलब्धता, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग एवं सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, हरित क्षेत्र एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
यात्रियों को बेहतर एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें टिकटिंग व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, अनाउंसमेंट सिस्टम, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, खानपान सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी प्रणाली शामिल रही।
इसके अतिरिक्त, मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मार्ग में स्थित रेलवे कॉलोनियों का निरीक्षण कर आवासीय भवनों की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, ड्रेनेज प्रणाली, सड़कों की स्थिति, स्ट्रीट लाइटिंग, हरित क्षेत्र एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए साथ ही नैनपुर स्टेशन में जन सहयोगियों द्वारा गर्मियों में यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए प्याऊ घर का उद्घाटन भी मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा किया गया I
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा रेलवे चिकित्सालयों/स्वास्थ्य इकाइयों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान ओपीडी सेवाएं, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता, स्वच्छता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही चिकित्सालयों में मरीजों एवं रेल कर्मचारियों को बेहतर, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग, ओवरहेड विद्युत उपकरण, पुल-पुलिया एवं समपार फाटकों सहित अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा पहलुओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। साथ ही ट्रैक नवीनीकरण, सिग्नल आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण सुधार, फायर सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल पर ही चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिससे कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके तथा रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति यूनिट), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय, वरिष्ठ मंडल अभियंता/उत्तर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार के नियमित एवं व्यापक निरीक्षणों के माध्यम से न केवल संरक्षा मानकों को सुदृढ़ किया जा रहा है, बल्कि स्टेशनों, कॉलोनियों एवं चिकित्सालयों में आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Author Profile
Latest entries
छत्तीसगढ़2026.04.20केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू रायपुर में ‘जन-आक्रोश महिला पदयात्रा’ में मातृशक्ति के सम्मान एवं अधिकार सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनजागरूकता पर दिया बल*
Uncategorized2026.04.20उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने आज पांच जजों को स्थायी जज की शपथ दिलाई
Uncategorized2026.04.20दपूमरे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–छिंदवाड़ा-सिवनी–नैनपुर–गंगाझरी रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण
राष्ट्रीय2026.04.20भारतीय रेलवे तीन महीनों में देशभर में 18,262 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें चलाएगी !


