🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने छात्रों से कहा- जीवन में हमेशा बनाए रखें सीखने की ललक

On: June 25, 2025 5:28 PM

व्यवहारिक ज्ञान और स्किल्स तय करती है जीवन में सफलता का मुकाम: वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी
नटवर स्कूल में आयोजित हुआ जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

रायगढ़, 25 जून 2025/ वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने स्कूली बच्चों से कहा कि सिर्फ नाम की डिग्री के लिए पढ़ाई काफी नहीं है, व्यवहारिक ज्ञान और जरूरी स्किल्स जीवन में सफलता के मुकाम तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने नटवर इंग्लिश स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने बच्चों को नए शिक्षण सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खूब मेहनत करें, देश दुनिया में क्या घट रहा है उसके प्रति जागरूक रहें, अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य बनाएं, उसे पाने के लिए अपना शत-प्रतिशत प्रयास करें और कुछ नया सीखने की ललक को हमेशा बनाए रखें। यह सब सर्वांगीण विकास की राह पर आपको आगे लेकर जाएंगे।
जीवन में व्यवहारिक ज्ञान के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि कैसे प्राइमरी स्कूल में मिली एक सीख ने उनकी पूरी जिंदगी की दशा और दिशा बदल दी। स्कूल के टेस्ट में जवाब को रट कर नहीं, बल्कि समझ कर अपने शब्दों में लिखने के अभ्यास ने उन्हें अपनी सोच और कल्पनाओं को लिखित रूप में व्यक्त करने का कौशल सिखाया, जिसने आगे चलकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन की नींव रखी।
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, जिला, प्रदेश व देश में बदलाव के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बदौलत क्या कुछ हासिल किया जा सकता है इसका उदाहरण स्वयं उनका जीवन है। एक छोटे से गांव बायंग से निकलकर देश की सबसे प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन, प्रदेश की राजधानी की कलेक्टरी के बाद अब प्रदेश के वित्त मंत्री का जिम्मा संभालना, यह सब शिक्षा से ही संभव हुआ है।
आज की देश दुनिया ज्ञान आधारित है। जीवन में ज्ञान अर्जन के लिए सीखने की ललक होनी चाहिए। यह सोच न सिर्फ पढ़ाई-लिखाई का स्तर सुधारेगी, बल्कि नई नई चीजें सीखने में मददगार भी होगी। आज देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। करियर के कई नए विकल्प सामने आ रहे हैं, जो कुछ सालों तक नहीं थे। जिसने इनका महत्व समझकर समय से खुद को तैयार कर लिया, वह सफलता की सीढिय़ां चढ़ता जाएगा। आज अपने आस-पास देखें तो सफल लोगों में एक बात समान रूप से दिखेगी, वे सभी अपने फील्ड में काम करने और आगे बढऩे के लिए खुद को लगातार अपडेट कर रहे हैं। यह सीखने की ललक है जो उन्हें बाकी सबसे आगे रखती है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरकार प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों को खोलने में विशेष ध्यान दे रही है। बीते दिनों देश के गृहमंत्री श्री अमित शाह ने नवा रायपुर में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी की नींव रखी। इसके साथ ही प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, सीपेट, ट्रिपल आईटी, हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, एनआईएफटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं हैं। छात्रों के उचित मार्गदर्शन और परीक्षा की तैयारियों को मजबूत आधार देने नालंदा लाइब्रेरीज खोली जा रही हैं। रायगढ़ में प्रदेश की सबसे बड़ी नालंदा लाइब्रेरी बनने जा रही है। यहां प्रयास संस्था का संचालन भी हो रहा है। इस सब का लाभ प्रदेश के छात्रों को मिलेगा। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत करते हुए इन अवसरों का लाभ उठाने की बात कही।
इस अवसर पर लोक सभा सांसद राधेश्याम राठिया ने सभी बच्चों को शाला प्रवेशोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे मजबूत आधार है। आप सभी के ध्येय को पूरा करने में शिक्षा की सबसे बड़ी भूमिका होगी। इसलिए स्कूली जीवन में खूब परिश्रम करें और आने वाले समय के लिए खुद को तैयार करें। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों को नवीन शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिर्फ नंबर के पीछे न भागें। पढ़ाई के साथ खेल पर भी फोकस करें। यह व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है। कार्यक्रम को महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। उन्होंने सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए नटवर स्कूल के अपने छात्र जीवन को याद किया। मौके पर वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने नव प्रवेशी बच्चों को किताबें और गणवेश भी वितरित किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, उमेश अग्रवाल, सुरेश गोयल, गुरूपाल भल्ला, ज्ञानू गौतम, दीबेश सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, त्रिवेणी डहरे, प्रवीण द्विवेदी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, जिला शिक्षाधिकारी डॉ.के वेंकट राव, डीएमसी नरेंद्र चौधरी सहित गणमान्य नागरिक, स्कूल के शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment