🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

ट्रेन में छूटा लाखों रु. मूल्य का बैग रेलवे सुरक्षा बल ने खोजकर महिला यात्री को किया सुपुर्द*

On: May 14, 2026 1:20 PM

*ट्रेन में छूटा लाखों रुपये मूल्य का बैग रेलवे सुरक्षा बल ने खोजकर महिला यात्री को किया सुपुर्द।*

*“ऑपरेशन अमानत” के तहत रेसुब नागपुर मंडल की ईमानदार एवं सराहनीय कार्यवाही।*

*नागपुर (वायरलेस न्यूज– 14 मई 2026) *

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “ऑपरेशन अमानत” के अंतर्गत एक महिला यात्री का गाड़ी में छूटा बैग खोजकर उसे सुरक्षित वापस सौंपते हुए ईमानदारी एवं तत्परता का परिचय दिया गया। बैग में लगभग 3,27,900/- मूल्य के सोने के आभूषण एवं अन्य सामान सुरक्षित पाए गए।

रेलवे में यात्रा करने वाले यात्री अक्सर यात्रा के दौरान रेलगाड़ियों अथवा रेलवे स्टेशन परिसर में अपना सामान भूल जाते हैं या खो देते हैं। ऐसी स्थिति में यात्री रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस, रेलवे कर्मचारियों अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 एवं रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हैं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्रियों के खोए अथवा भुलवश छूटे सामान की खोजबीन कर सही मालिक तक पहुंचाने की कार्यवाही लगातार की जाती है।

श्री दीप चन्द्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष अभियान चलाकर यात्रियों के छूटे सामान को खोजकर उन्हें सुरक्षित लौटाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 12.05.2026 को गाड़ी संख्या 11201 नागपुर–शहडोल एक्सप्रेस में नागपुर से छिंदवाड़ा तक जनरल कोच में यात्रा कर रही एक महिला यात्री अपना बैग गाड़ी में ही भूलकर स्टेशन पर उतर गईं। स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षक अनिरुद्ध द्वारा जनरल कोच की जांच के दौरान उक्त लावारिस बैग प्राप्त हुआ। नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए बैग को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट छिंदवाड़ा में सुरक्षित रखा गया।

कुछ समय बाद महिला यात्री को बैग ट्रेन में छूट जाने की जानकारी हुई, जिसके बाद वह पूछताछ करते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट छिंदवाड़ा पहुंचीं तथा बैग में कपड़ों के साथ सोने के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान होने की जानकारी दी। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत महिला यात्री को बैग दिखाया गया, जिसे उन्होंने तुरंत पहचान लिया।

बैग की जांच में लगभग 02 तोले का एक जोड़ी सोने का कंगन एवं 01 तोले का एक मंगलसूत्र सहित अन्य सामान सुरक्षित पाया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3,27,900/- बताई गई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद उक्त बैग महिला यात्री को सही सलामत सुपुर्द किया गया।

महिला यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ईमानदारी, सतर्कता एवं सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि रेलगाड़ियों, रेलवे स्टेशन अथवा स्टेशन परिसर में किसी यात्री का छूटा हुआ सामान अथवा कोई संदिग्ध लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस, टीटीई, अनुरक्षण दल अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर यात्रियों की सहायता सुनिश्चित की जा सके।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment