कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल सुविधाओं को लेकर जीएम को लिखा पत्र

बिलासपुर में खड़ी ट्रेनों को कोरबा तक बढ़ाने की मांग, भोपाल-बिलासपुर व बिलासपुर-इंदौर ट्रेन विस्तार का सुझाव

बिलासपुर। (अमित मिश्रा वायरलेस न्यूज) कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने बिलासपुर रेल मंडल की यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और कोरबा क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर रेलवे महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल मांगों पर तत्काल कार्ययोजना तैयार किए जाने का आग्रह किया है।

सांसद ने पत्र में कहा है कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है तथा यहां से रेलवे को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त यात्री रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। विशेषकर दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने-जाने के लिए नियमित यात्री ट्रेन नहीं होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने 18235 भोपाल-बिलासपुर ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ट्रेन बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहती है। इसके परिचालन समय में आवश्यक समायोजन करते हुए इसे दोपहर लगभग 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना पर विचार किया जाना चाहिए।
इसी तरह 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह लगभग 9 बजे कोरबा से चलाने की संभावना पर भी विचार करने का सुझाव सांसद ने दिया है।
सांसद ने रेलवे द्वारा विभिन्न अवसरों पर चलाई जाने वाली विशेष एवं अतिरिक्त यात्री सेवाओं की तर्ज पर कोरबा से भी विशेष और अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेल सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि कोरबा की औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम नागरिकों की दैनिक आवाजाही से सीधे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने रेलवे महाप्रबंधक से उनके प्रस्तावों की तकनीकी एवं परिचालनिक व्यवहार्यता का परीक्षण कर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने तथा उसकी प्रगति से अवगत कराने का आग्रह किया है। सांसद ने यह भी कहा कि कोरबा की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को केवल आश्वासन तक सीमित न रखते हुए समयबद्ध और परिणाममूलक कार्रवाई की आवश्यकता है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा कोरबा की जनता की इन मांगों पर सकारात्मक एवं त्वरित निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई गई है।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़September 5, 2026गांड़ा समाज के “नुआखाई” कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
अपराधSeptember 4, 2026पिस्टल दिखाकर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तारकोटा पुलिस ने 100 प्रतिशत माल किया बरामद, पिस्टल समेत कार, बाइक और छह मोबाइल जब्त
छत्तीसगढ़September 4, 2026कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जशपुर में विकसित हो रही शतरंज की नई संस्कृति
मध्य प्रदेशSeptember 4, 2026केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का मध्य प्रदेश प्रवास: इंदौर मेट्रो सहित शहरी विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा

