महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने उसलापुर स्टेशन का किया संरक्षा निरीक्षण ।

आधुनिक उपकरण से सिग्नल प्रणाली की केबल में लीकेज की जांच का सफल प्रदर्शन ।
महाप्रबंधक ने पॉइंट एवं क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण कर परखे संरक्षा मानक ।
बिलासपुर, (वायरलेस न्यूज 04 सितम्बर 2026)
श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने आज उसलापुर स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्टेशन पर संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उसलापुर स्टेशन के केंद्रीय आईपीएस कक्ष में सिग्नल प्रणाली को अधिक संरक्षित एवं मजबूत बनाने वाली आधुनिक तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत सिग्नल प्रणाली में उपयोग होने वाली केबलों में विद्युत रिसाव की जांच आधुनिक उपकरण के माध्यम से की जा सकती है। इसके लिए ‘पोर्टेबल इंसुलेशन मॉनिटर विद फॉल्ट लोकेटर किट’ का उपयोग किया गया।
प्रदर्शन के दौरान ईएलडी की 110 वोल्ट एसी प्रणाली में कृत्रिम अर्थ फॉल्ट उत्पन्न कर आधुनिक उपकरण की सहायता से लीकेज करंट की सटीक माप की गई। इस तकनीक की प्रमुख विशेषता यह है कि बिना किसी विद्युत परिपथ को अलग किए अथवा परिचालन व्यवस्था को बाधित किए अर्थ फॉल्ट की पहचान एवं जांच की जा सकती है। इससे दोष की पहचान अधिक सहज एवं प्रभावी तरीके से संभव होती है तथा जांच के दौरान ट्रेनों के परिचालन में भी व्यवधान नहीं आता।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने इस आधुनिक तकनीक के प्रदर्शन का अवलोकन किया तथा इसके उपयोग को सिग्नल एवं केबल प्रणाली की संरक्षा तथा निवारक रखरखाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने ऐसी आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग एवं नियमित जांच के माध्यम से संभावित तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दूर करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने उसलापुर स्टेशन पर पॉइंट एवं क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा संरक्षित रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न संरक्षा मानकों एवं मापदंडों को मौके पर परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पॉइंट एवं क्रॉसिंग की कार्यप्रणाली, रखरखाव एवं संरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोपरि है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से संभावित खामियों की समय रहते पहचान और निवारक रखरखाव से रेल परिचालन को और अधिक संरक्षित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सजगता, सतर्कता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़September 5, 2026गांड़ा समाज के “नुआखाई” कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
अपराधSeptember 4, 2026पिस्टल दिखाकर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तारकोटा पुलिस ने 100 प्रतिशत माल किया बरामद, पिस्टल समेत कार, बाइक और छह मोबाइल जब्त
छत्तीसगढ़September 4, 2026कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जशपुर में विकसित हो रही शतरंज की नई संस्कृति
मध्य प्रदेशSeptember 4, 2026केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का मध्य प्रदेश प्रवास: इंदौर मेट्रो सहित शहरी विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा

