झीरम घाटी नक्सली हमला: 13 साल बाद आया फैसला, NIA कोर्ट ने 10 आरोपियों को दोषी ठहराया

जगदलपुर। (अरुण पाढ़ी वायरलेस न्यूज) झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में करीब 13 साल बाद अदालत का बड़ा फैसला आया है। जगदलपुर स्थित NIA की विशेष अदालत ने 5 सितंबर को मामले में शेष 10 आरोपियों को दोषी करार दिया। इस मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई चल रही थी, जिनमें से एक मुख्य आरोपी की ट्रायल के दौरान मौत हो चुकी है।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में 101 गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए थे। मामले में 10 अगस्त को अंतिम बहस पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। अभियोजन ने साक्ष्यों के आधार पर आरोप सिद्ध होने की दलील दी, जबकि बचाव पक्ष ने आरोपों को चुनौती दी थी।
25 मई 2013 को हुआ था भीषण हमला
25 मई 2013 को सुकमा से लौट रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले को दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी में माओवादियों ने निशाना बनाया था। सुनियोजित हमले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल और पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा समेत कई प्रमुख नेताओं की जान चली गई थी।
हमले में कुल 32 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर दिया था और देशभर में इसकी गूंज सुनाई दी थी।
NIA जांच पर भी उठे थे सवाल
झीरम घाटी मामले की जांच को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने NIA की जांच पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि जांच सही तरीके से नहीं हुई और FIR में नामजद लोगों से पर्याप्त पूछताछ नहीं की गई। साथ ही उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया था।
करीब 13 साल बाद आए इस फैसले को झीरम घाटी हमले के पीड़ित परिवारों और प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
बिलासपुरOctober 22, 2026कोटा में कोल NOC पर मचा भारी बवाल दलालों की ‘फील्डिंग’ के खिलाफ सड़क पर उतरने को तैयार जनता,जनप्रतिनिधियों को दी चेतावनी
बिलासपुरOctober 21, 2026संजीवनी प्रभात शाखा के स्वयं सेवकों का नगर पथ संचलन कार्य सम्पन्न
अन्यOctober 21, 2026केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की पहल से डोंगरगढ़–कटघोरा रेल परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त,रावघाट तक रेल पहुंचना छत्तीसगढ़ के रेल विकास में ऐतिहासिक उपलब्धि, नई परियोजनाओं से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
अन्यOctober 21, 2026अद्दीअम्मा की याद में उनकी मासिक वर्सी हर्षोल्लाह से मनाई गई

