🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण की तैयारी, अतिक्रमण पर कार्रवाई क्यों नहीं? अंकित गौरहा ने उठाए सवालबाबा गुरु घासीदास की धरती पर समरसता के दावों के बीच छात्रावास के अस्तित्व और विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाया, सीमांकन के बाद भी कार्रवाई पर नजर

On: November 27, 2026 5:53 AM

छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण की तैयारी, अतिक्रमण पर कार्रवाई क्यों नहीं? अंकित गौरहा ने उठाए सवाल


बाबा गुरु घासीदास की धरती पर समरसता के दावों के बीच छात्रावास के अस्तित्व और विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाया, सीमांकन के बाद भी कार्रवाई पर नजर


बिलासपुर (वायरलेस न्यूज) बेलतरा बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता और समानता की बातें की जाती हैं, लेकिन बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अनुसूचित जाति छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी ओर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और कथित भू-माफियाओं के कब्जों को लेकर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी चर्चा में है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
जिस छात्रावास ने संवारे भविष्य, उसी की जमीन पर संकट!
अंकित गौरहा ने बताया कि चांटीडीह स्थित साइंस कॉलेज के सामने से सब्जी मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए बाबा गुरु घासीदास अनुसूचित जाति छात्रावास और आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र की लगभग 20 फीट जमीन तथा बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की स्थिति बनी है। छात्रावास के विद्यार्थियों ने तीन दिन पहले जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने सीमांकन का आदेश जारी किया है और अब सीमांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
गौरहा ने कहा कि यह कोई सामान्य सरकारी भवन नहीं, बल्कि उन विद्यार्थियों का आश्रय स्थल है, जो कठिन परिस्थितियों में रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं। इस छात्रावास से पढ़कर निकले कई विद्यार्थी लोक सेवा आयोग में चयनित होकर शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। ऐसे संस्थान वंचित वर्ग के बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब जमीन की सीमा और छात्रावास की सुरक्षा को लेकर विवाद था, तो पहले निष्पक्ष सीमांकन कराने के बजाय निर्माण कार्य में जल्दबाजी क्यों दिखाई गई?
छात्रावास पर कार्रवाई की तत्परता, अतिक्रमण पर खामोशी क्यों?
गौरहा ने कहा कि ठंड के मौसम में छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और निजता भी महत्वपूर्ण है। सड़क चौड़ीकरण विकास की आवश्यकता हो सकती है, लेकिन इसकी कीमत विद्यार्थियों के सुरक्षित परिसर से नहीं चुकाई जानी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब आसपास की सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो पहले उन मामलों की निष्पक्ष जांच और सीमांकन क्यों नहीं कराया जाता? रसूखदारों के कथित कब्जों पर कार्रवाई के बजाय छात्रावास की बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने की तैयारी किस तरह का न्याय है?
शहर की बदहाल सड़कों पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम इलाकों में सड़कों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मंगल चौक से दीनदयाल कॉलोनी, अशोक नगर से बिरकोना, चांटीडीह चौक से डीएलएस कॉलेज, सेंदरी से मोपका बाइपास, राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट और साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी तक की सड़कें लंबे समय से समस्याओं से जूझ रही हैं।
कहीं सड़कें जर्जर हैं, कहीं निर्माण कार्य अधूरे हैं तो कहीं स्वीकृत कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बावजूद कुछ निर्माण कार्यों में निजी हितों को लेकर सड़क की दिशा बदलने और प्रस्तावित चौड़ाई कम करने जैसी शिकायतें सामने आने का दावा भी उन्होंने किया।
सरकारी धन के नुकसान की जवाबदेही कौन लेगा?
गौरहा ने कहा कि छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल को प्रभावित करने से पहले विधिवत सीमांकन कराया जाना चाहिए था। यदि सीमांकन में निर्माण की जगह या प्रक्रिया गलत पाई जाती है, तो सरकारी धन के नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने निर्माण एजेंसी, संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जवाबदेही तय करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क चौड़ी करना या भूमिपूजन करना नहीं है। विकास का वास्तविक उद्देश्य जनता को बेहतर सड़कें उपलब्ध कराना, सरकारी जमीनों की रक्षा करना और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखना भी है।
सीमांकन का परिणाम छात्रहित में नहीं आया तो होगा आंदोलन
अंकित गौरहा ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता की बातें तभी सार्थक होंगी, जब वंचित वर्ग के बच्चों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा भी प्राथमिकता बनेगी।
उन्होंने छात्रावास की जमीन का सीमांकन शुरू होने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इसका परिणाम विद्यार्थियों के हित में आएगा तथा छात्रावास की जमीन, बाउंड्रीवॉल और वहां रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीमांकन के बाद भी छात्रहित और सरकारी संपत्ति की अनदेखी हुई तथा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस बेलतरा के नागरिकों के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment