हाथियों को ‘आतंकी’ और ‘हत्यारा’ कहने पर उठे सवाल, छत्तीसगढ़ की मीडिया एडवाइजरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान

मानव-हाथी संघर्ष की रिपोर्टिंग पर IIT पालक्काड के शोधपत्र में छत्तीसगढ़ वन विभाग की पहल का उल्लेख, वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी के योगदान को भी सराहा


रायपुर,( वायरलेस न्यूज 23 नवंबर) हाथियों को आतंकवादी, हत्यारा, उत्पाती और हिंसक जैसे शब्दों से संबोधित करने की मीडिया की प्रवृत्ति पर छत्तीसगढ़ से उठी एक महत्वपूर्ण पहल को अब अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर पहचान मिली है। छत्तीसगढ़ वन विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 में जारी मीडिया एडवाइजरी को मानव-हाथी संघर्ष की मीडिया रिपोर्टिंग पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र में स्थान मिला है। इतना ही नहीं, इस पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रायपुर के वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी के योगदान के लिए भी शोधकर्ताओं ने आभार जताया है।

IIT के शोधकर्ताओं ने किया मीडिया रिपोर्टिंग का विश्लेषण
IIT पालक्काड, केरल के शोधकर्ताओं द्वारा तैयार शोधपत्र ‘Auditing Human–Elephant Conflict Coverage in an Indian English-Language Newspaper’ (एक भारतीय अंग्रेजी समाचार पत्र में मानव-हाथी संघर्ष की समाचार कवरेज का विश्लेषण) को CODS 2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए स्वीकार किया गया है।
इस शोधपत्र के लेखक बोनाला साई पुनीत, सालवेरु जयति, गरिमा शाक्य और शुभम कुमार निगम हैं। इनमें पहले तीन शोधकर्ता IIT पालक्काड से तथा चौथे लेखक बर्मिंघम विश्वविद्यालय, दुबई से जुड़े हैं। सम्मेलन का आयोजन 13 से 16 दिसंबर 2026 तक धीरूभाई अंबानी विश्वविद्यालय, गांधीनगर (गुजरात) में होगा।
17.2 प्रतिशत खबरों में बिना जनहानि के भी हाथियों के लिए नकारात्मक शब्द
शोध में सामने आया है कि हाथियों से संबंधित समाचारों में भय और आक्रामकता पैदा करने वाली भाषा का काफी इस्तेमाल किया जाता है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इस तरह की सनसनीखेज शब्दावली आम लोगों के मन में हाथियों के प्रति नकारात्मक धारणा और शत्रुता बढ़ा सकती है। इससे मानव और हाथियों के बीच सह-अस्तित्व की कोशिशें भी प्रभावित होती हैं।
अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि 17.2 प्रतिशत समाचारों में किसी की मृत्यु अथवा जनहानि का उल्लेख नहीं होने के बावजूद हाथियों के लिए नकारात्मक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
छत्तीसगढ़ की एडवाइजरी बनी शोध का महत्वपूर्ण संदर्भ
छत्तीसगढ़ वन विभाग की मीडिया एडवाइजरी में पत्रकारों और मीडिया संस्थानों से अपील की गई थी कि हाथियों के लिए आतंकवादी, उत्पाती, हत्यारा, हिंसक, पागल, बिगड़ैल, जिद्दी और मौत के घाट उतारने जैसे कठोर एवं सनसनीखेज शब्दों का प्रयोग न किया जाए।
इस एडवाइजरी का अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र में उल्लेख होना इस बात का प्रमाण है कि वन्यजीव संरक्षण केवल जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सोच और मीडिया की भाषा को संवेदनशील बनाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नितिन सिंघवी के योगदान के लिए शोधकर्ताओं ने जताया आभार
शोधपत्र के लेखकों ने विषय से संबंधित विशेषज्ञ जानकारी साझा करने के लिए रायपुर निवासी वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है। शोधपत्र में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि लेखकों ने विषय संबंधी विशेषज्ञता साझा करने के लिए श्री नितिन सिंघवी का आभार माना है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने भी देशव्यापी एडवाइजरी जारी कर सभी राज्यों के वन विभागों को मीडिया में हाथियों के लिए कठोर और नकारात्मक शब्दों के प्रयोग से बचने की सलाह देने को कहा था। इसके बाद छत्तीसगढ़ वन विभाग ने भी वर्ष 2024-25 में इस दिशा में एडवाइजरी जारी की। इन दोनों पहलों के पीछे नितिन सिंघवी की लगातार की गई पहल और प्रयास महत्वपूर्ण रहे।
मीडिया की भाषा बदलने की जरूरत
नितिन सिंघवी का कहना है कि हाथियों के सामाजिक जीवन, प्राकृतिक व्यवहार और उनकी शारीरिक एवं मानसिक परिस्थितियों को समझे बिना उन्हें आतंकवादी, हत्यारा, सीरियल किलर, पागल, बिगड़ैल अथवा उत्पाती कहना उचित नहीं है। विशेषकर हाथियों की मदावस्था जैसी प्राकृतिक व्यवहारगत परिस्थितियों को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मीडिया की भाषा लोगों की सोच को प्रभावित करती है। इसलिए हाथियों के व्यवहार और परिस्थितियों को समझे बिना सनसनीखेज शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। हाथी हमारे जंगलों के पारिस्थितिक तंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। हाथियों के बिना जंगलों का अस्तित्व प्रभावित होगा और जंगलों के बिना मानव जीवन भी सुरक्षित नहीं रह सकता।
छत्तीसगढ़ वन विभाग की मीडिया एडवाइजरी को अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र में मिली जगह निश्चित रूप से राज्य के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह पहल संदेश देती है कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील सोच विकसित करने में मीडिया की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी जंगलों में उनके संरक्षण की।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
अन्यNovember 23, 2026हाथियों को ‘आतंकी’ और ‘हत्यारा’ कहने पर उठे सवाल, छत्तीसगढ़ की मीडिया एडवाइजरी को अंतरराष्ट्रीय पहचानमानव-हाथी संघर्ष की रिपोर्टिंग पर IIT पालक्काड के शोधपत्र में छत्तीसगढ़ वन विभाग की पहल का उल्लेख, वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी के योगदान को भी सराहा
धर्म-कला-संस्कृतिNovember 22, 2026धन गुरु नानक दरबार की प्रभात फेरी में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब,सिंधी कॉलोनी से गायत्री मंदिर तक निकली प्रभात फेरी, जगह-जगह संगत का हुआ भव्य स्वागत
धर्म-कला-संस्कृतिNovember 20, 2026धन गुरु नानक दरबार डेरा संत बाबा थाहिरियां सिंह दरबार साहिब से प्रभात फेरी मुख्य डाकघर, मध्य नगरी चौक से आजाद नगर तक निकाली गई
बिलासपुरNovember 19, 2026बिलासपुर कांग्रेस कमेटी द्वारा मनाया गया पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी की जन्म जयंती दी गयी विनम्र श्रद्धांजलि


