🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

तत्काल टिकट दलाली में रेलवे कर्मचारी गिरफ्तार, आरपीएफ चांपा ने खोली मिलीभगत की परतें

On: November 19, 2026 4:12 PM


यात्री से वसूले जाते थे 500 रुपये कमीशन, टिकट बनवाने वाले सहयोगी को प्रति टिकट मिलता था 100 से 200 रुपये


बिलासपुर/चांपा। (वायरलेस न्यूज) रेलवे में तत्काल आरक्षित टिकटों की दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे कर्मचारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि रेलवे कर्मचारी यात्रियों से तत्काल टिकट बनवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 500 रुपये कमीशन वसूलता था, जबकि टिकट बनवाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को प्रति टिकट 100 से 200 रुपये तक दिए जाते थे।
रेल सुरक्षा बल पोस्ट चांपा के प्रभारी निरीक्षक पुरुषोत्तम तिवारी के नेतृत्व में अपराध शाखा मुख्यालय बिलासपुर की टीम के साथ टिकट दलालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन बाराद्वार के आरक्षण केंद्र में गुप्त निगरानी की गई। इस दौरान शाम करीब 4:50 बजे सादे लिबास में मौजूद एक व्यक्ति को तत्काल टिकट बनवाते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम रामकुमार वर्मा (56 वर्ष), निवासी राजापारा वार्ड क्रमांक 03, सक्ती बताया। उसके कब्जे से तीन तत्काल आरक्षित रेल टिकट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 9,170 रुपये थी। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि ये टिकट रेलवे कर्मचारी के. शंकर राव, एमटीएस, बुकिंग कार्यालय सक्ती के माध्यम से बनवाए जाते थे। यात्रियों का विवरण व्हाट्सएप के जरिए भेजकर टिकट तैयार करवाए जाते थे।
व्हाट्सएप चैट से खुली मिलीभगत
मामले की अग्रिम जांच में 18 नवंबर को रेलवे कर्मचारी के. शंकर राव को समन जारी कर आरपीएफ पोस्ट चांपा बुलाया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि यात्रियों से तत्काल टिकट बनवाने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये कमीशन लेते थे। यात्रियों का नाम, उम्र, यात्रा की तारीख और ट्रेन नंबर व्हाट्सएप के माध्यम से रामकुमार वर्मा को भेजते थे। इसके बाद बाराद्वार रेलवे स्टेशन से तत्काल टिकट बनवाए जाते थे। इस काम के बदले रामकुमार वर्मा को प्रति टिकट 100 से 200 रुपये तक कमीशन दिया जाता था।
आरपीएफ ने शंकर राव के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। मोबाइल में उपलब्ध व्हाट्सएप चैट का प्रिंटआउट निकालकर जांच में शामिल किया गया। वहीं रामकुमार वर्मा के मोबाइल से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों का मिलान करने पर दोनों के बीच आपसी मिलीभगत से अवैध रूप से तत्काल टिकट बनवाने और कमीशन के लेनदेन के तथ्य प्रथम दृष्टया सामने आए।
रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरपीएफ ने इस मामले में अपराध क्रमांक 2709/2026, दिनांक 14 नवंबर 2026 को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया था। जांच में रेलवे कर्मचारी के. शंकर राव की संलिप्तता सामने आने पर 18 नवंबर को उन्हें भी विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उचित जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
आरपीएफ की इस कार्रवाई से तत्काल टिकटों की अवैध दलाली में रेलवे कर्मचारी और बाहरी व्यक्ति के बीच चल रहे कथित गठजोड़ का खुलासा हुआ है।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment