🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अपग्रेड होगा धरमजयगढ़ का सिविल अस्पताल
शिशु, स्त्री व अस्थि रोग से जुड़े इलाज व सर्जरी की मिलेगी सुविधा : भीम सिंह

On: June 17, 2021 6:00 PM


विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी पदस्थापना
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने निरीक्षण कर तैयारी शुरू करने के दिए निर्देश
रायगढ़, (वायरलेस न्यूज़17 जून2021) जिले के दूरस्थ विकासखंड धरमजयगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ यहां मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अपग्रेड किया जा रहा है। कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल, सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी, मेडिकल कॉलेज रायगढ़ के सर्जरी व एनीथीसिया विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ अस्पताल का निरीक्षण कर उन्नयन हेतु किये जाने वाले कार्यों व आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल को अपग्रेड किया जाना है। यहां शिशु, स्त्री व अस्थि रोग से जुड़े इलाज व सर्जरी की सुविधा यहां उपलब्ध होगी। इनके विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना यहां की जाएगी। जिससे अंचल के लोगों को यहीं पर गंभीर रोगों का इलाज मिल सके और उन्हें दूर न जाना पड़े। कलेक्टर श्री सिंह ने उन्नयन संबंधी निर्माण कार्यों व उपकरणों की खरीदी का प्रस्ताव अगले तीन दिन में तैयार करने के निर्देश सीएमएचओ को दिये। जिससे तेजी से काम आगे बढ़ाया जा सके।
कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सबसे पहले ओपीडी कक्ष का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मरीजों के लिये सर्व-सुविधायुक्त वेटिंग एरिया बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने इसके लिये परियोजना मद से स्वीकृत किये गये 10 लाख रुपये की राशि से दो माह में यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। अस्पताल में डॉक्टरों के बैठने की व्यवस्था को बेहतर करने तथा मरीजों की जांच के लिये डॉक्टर्स चेम्बर्स बनाने के निर्देश दिये। इसके लिये उन्होंने अस्पताल के मेडीसीन काउंटर को हटाकर वहां पर दो डॉक्टर चेम्बर्स बनाने के लिये कहा।
कलेक्टर श्री सिंह ने इसके पश्चात आईपीडी कक्ष का निरीक्षण किया। इसे उन्होंने पूर्ण रूप से रिनोवेट करने के निर्देश दिये। पुराने सभी खिड़की, दरवाजों को बदलकर नये लगाने के निर्देश दिये। इसके लिये उन्होंने सीएसआर मद से अस्पताल के नवीनीकरण के लिये दिये गये 50 लाख रुपये की राशि का उपयोग करने के लिये कहा।
कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल के डिलीवरी कक्ष का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने होने वाले प्रसव की जानकारी ली तथा इसे बढ़ाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल में पदस्थ सर्जन डॉ.लकड़ा से अस्पताल में किये जाने वाले सर्जरी के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में कम संख्या में सर्जरी होने पर यहां पदस्थ सर्जन डॉ.लकड़ा को फटकार लगाते अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार की जा सकने वाली सर्जरी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में मॉड्यूलर मॉर्चुरी बनाने के निर्देश दिये। इसके लिये वहां फ्रीजर तथा अन्य जरूरी उपकरणों की खरीदी के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल में पोषण पुनर्वास केन्द्र में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कर अच्छी क्वालिटी के ईट तथा मटेरियल लगाने के निर्देश ठेकेदार को दिये। उन्होंने निर्माण एजेंसी हाऊसिंग बोर्ड के इंजीनियर को निर्माण कार्य की क्वालिटी की सतत् जांच करते रहने के लिये कहा।
इस दौरान एसडीएम श्री संवित मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बढ़ेंगे 20 बेड, लगेगा ऑक्सीजन प्लांट और पाइपलाइन
कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल भवनों के बीच रिक्त स्थान में भवन का निर्माण कर मौजूदा स्थिति के 30 बेड को बढ़ाकर 50 करने के लिये कहा। उन्होंने जनरल वार्ड को भी रेनोवेट कर यहां टीवी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अस्पताल में कोविड मरीजों के उपचार की दृष्टि से भी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। इसके लिए यहां ऑक्सीजन प्लांट पाइपलाइन विस्तार का काम भी होने जा रहा है।
सर्व सुविधायुक्त आपरेशन थिएटर होगा तैयार
अस्पताल में नया मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर तैयार किया जाएगा। इसके लिये कलेक्टर श्री सिंह ने जरूरी उपकरणों के बारे में रायगढ़ मेडिकल कालेज से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों से जानकारी ली तथा उसके अनुसार एनीथीसिया तथा अन्य मशीनों की खरीदी का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने आपरेशन थिएटर के बाहर प्री और पोस्ट आपरेशन कार्यों के लिए अलग कक्ष निर्माण के निर्देश दिए।
टेस्टिंग लैब का भी होगा उन्नयन, बढ़ायी जाएंगी जांच सुविधाएं
कलेक्टर श्री सिंह ने इसके पश्चात टेस्टिंग लैब का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपलब्ध टेस्टिंग सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल मापदण्ड के अनुसार यहां एक सर्व सुविधायुक्त टेस्टिंग लैब तैयार किया जाना है। जिससे अलग-अलग प्रकार की जरूरी जांच सुविधाएं यहां मिल सके। इसके लिये उन्होंने सभी जरूरी उपकरणों खरीदी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। लैब में उन्होंने एनालाइजर मशीन भी रखने के निर्देश दिये।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment