🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

रेलवे आरक्षित टिकट के अवैध व्यापार पर रेलवे सुरक्षा बल नागपुर की बड़ी कार्रवाई : चार दिनों में 07 टिकट दलाल गिरफ्तार*

On: March 10, 2026 12:44 PM

*रेलवे आरक्षित टिकट के अवैध व्यापार पर रेलवे सुरक्षा बल नागपुर की बड़ी कार्रवाई : चार दिनों में 07 टिकट दलाल गिरफ्तार*

*दपूमरे, नागपुर मंडल – ( वायरलेस न्यूज) 10 मार्च 2026*

रेल सेवा आज के परिप्रेक्ष्य में भारत की लाइफलाइन के रूप में कार्य कर रही है। यह यात्रा का सरल एवं आरामदायक साधन होने के कारण प्रतिदिन लाखों यात्री रेलवे के माध्यम से एक राज्य से दूसरे राज्य तथा एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा करते हैं। किंतु त्योहारी सीजन, गर्मी की छुट्टियों तथा वैवाहिक सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होने से रेलवे टिकटों का अवैध व्यापार तथा कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं और यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल कर टिकटों का अवैध व्यापार करते हैं।

इसी के मद्देनजर श्री मुन्नवर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के निर्देशन तथा श्री दीप चन्द्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में रेसुब नागपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेलवे टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 06.03.2026 से 09.03.2026 तक मंडल के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल द्वारा 07 टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान इनके पास से पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से बनाए गए आरक्षित ई-टिकट, मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम एवं लैपटॉप बरामद किए गए। इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत संबंधित रेसुब पोस्ट में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

*कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से निम्नलिखित मामले सामने आए -*

👉 06.03.2026 को भोमा तहसील स्थित ऑनलाइन सर्विसेज विमला नगर में संचालक संतोष काकुड़िया के कंप्यूटर सिस्टम की जांच करने पर पर्सनल यूजर आईडी से बनाए गए 10 पुराने आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹10,686.50) बरामद किए गए।
👉 उसी दिन ग्राम निवारी स्थित विश्वकर्मा MP ऑनलाइन के संचालक राहुल कुमार विश्वकर्मा के लैपटॉप से पर्सनल आईडी से बनाए गए 09 आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹4,630) जब्त किए गए।
👉 07.03.2026 को महाराजपुर स्थित ऑनलाइन सेंटर के संचालक मो. शमीम के मोबाइल से 03 लाइव आरक्षित ई-टिकट (₹4,481.70) तथा 04 पुराने ई-टिकट (₹5,625.75) बरामद किए गए।
👉 उसी दिन रोहन मेहर, निवासी नवेगांव रेलवे (नागपुर) को ग्राहकों की मांग पर टिकट बनाकर अवैध व्यापार करते पाए जाने पर 14 पुराने आरक्षित ई-टिकट (₹42,088.70) तथा एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹66,088.70 की जब्ती की गई।
👉 राजनांदगांव आरक्षण कार्यालय में संदेह के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति के मोबाइल से 14 ई-टिकट (11 पुराने, 02 लाइव एवं 01 रद्द) जिनकी कुल कीमत ₹16,956.35 पाई गई।
👉 08.03.2026 को “तनमय एमपी ऑनलाइन” के संचालक तनमय जैन, निवासी लामटा (बालाघाट) को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि वह IRCTC का अधिकृत एजेंट न होते हुए भी पर्सनल आईडी से टिकट बनाकर प्रति यात्री ₹50–80 अतिरिक्त राशि वसूलता था। उसके कब्जे से 02 भविष्य ई-टिकट, 33 पुराने ई-टिकट एवं एक लैपटॉप सहित कुल ₹77,243.20 की जब्ती की गई।
👉 09.03.2026 को अजय कावडे, निवासी गोंदिया के मोबाइल से 15 तत्काल/प्रीमियम तत्काल आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹75,299) बरामद किए गए तथा मोबाइल फोन जब्त किया गया। रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल द्वारा रेलवे टिकटों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल सभी नागरिकों एवं रेल यात्रियों से अपील करता है कि यदि आपके आसपास रेलवे टिकटों का अवैध व्यापार या कालाबाजारी की कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना अपने नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment