धनतेरस केवल धन की नहीं, आरोग्य और स्वास्थ्य की समृद्धि का भी पर्व है – डॉ. रश्मि जितपुरे
धन्वंतरि पूजन भारतीय चिकित्सा परंपरा एवं आयुर्वेद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर
बिलासपुर। भारतीय संस्कृति में धनतेरस का पर्व विशेष महत्व रखता है। सामान्यतः इसे धन और समृद्धि का पर्व माना जाता है, लेकिन इसका एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं स्वास्थ्यपरक पक्ष भी है। धनतेरस को भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद एवं आरोग्य का देवता माना गया है।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि जितपुरे ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी कारण धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की जाती है। यह पर्व हमें स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरोगी काया के महत्व का संदेश देता है।
डॉ. जितपुरे ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की चिकित्सा पद्धति नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और रोगी के विकारों के शमन का विज्ञान है। आयुर्वेद में दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग, प्राणायाम, ध्यान, सद्वृत्त एवं प्राकृतिक जीवनशैली को विशेष महत्व दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, तनाव, शारीरिक निष्क्रियता एवं मानसिक दबाव के कारण अनेक जीवनशैली जनित रोग बढ़ रहे हैं। ऐसे में आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है। नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, पौष्टिक एवं संतुलित आहार तथा सकारात्मक विचार स्वस्थ जीवन के आधार हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान धन्वंतरि का पूजन केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह अवसर हमें स्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने, औषधीय पौधों के संरक्षण, प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रचार-प्रसार तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लेने के लिए भी प्रेरित करता है।
डॉ. रश्मि जितपुरे ने आमजन से अपील की कि इस धनतेरस पर सोने-चांदी एवं भौतिक समृद्धि के साथ-साथ स्वास्थ्य रूपी सबसे अनमोल धन को भी महत्व दें। क्योंकि वास्तविक समृद्धि वही है, जिसमें तन स्वस्थ, मन प्रसन्न और जीवन संतुलित हो।
संदेश: पहला सुख निरोगी काया – स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़November 5, 2026घरघोड़ा की डॉ सुधा पण्डा जबलपुर में सम्मानित
बिलासपुरNovember 5, 2026
बिलासपुरNovember 5, 2026प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: न्यू दिल्ली स्वीट्स, श्री बालाजी स्वीट्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोवा एवं बेसन लड्डू के नमूने लिए गए
राष्ट्रीयNovember 4, 202615वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता का भव्य समापन,पूर्व रेलवे ने बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे रहा विजेता


