🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

आस्था और उल्लास के साथ मनेगा छठ पर्व, अरपा तट पर तैयारियां तेज,कलेक्टर और एसएसपी ने छठ घाट का किया निरीक्षण, आयोजन समिति के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा

On: November 10, 2026 4:01 PM

आस्था और उल्लास के साथ मनेगा छठ पर्व, अरपा तट पर तैयारियां तेज

कलेक्टर और एसएसपी ने छठ घाट का किया निरीक्षण, आयोजन समिति के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा

श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान—कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल

बिलासपुर, ( वायरलेस न्यूज 10 नवंबर 2026)  लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के आयोजन को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले पर्व के लिए आयोजन समिति और नगर निगम द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पर्व के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में चर्चा की।

अरपा तट स्थित छठ घाट पर प्रतिवर्ष बिलासपुर सहित आसपास के शहरों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सूर्योपासना, स्नान और अर्घ्य अर्पण के लिए जुटने वाले श्रद्धालुओं से घाट पर आस्था और उत्साह का वातावरण बनता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन, नगर निगम और आयोजन समिति के समन्वय से तैयारियां की जा रही हैं।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है। श्रद्धालु पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ घाट पर आते हैं। उनकी सुविधा और सम्मान का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षित आवागमन, पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने तथा सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि नदी में उतरने वाले स्थानों को सुरक्षित बनाया जाए और गहरे पानी वाले हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए स्पष्ट संकेत एवं आवश्यक अवरोध लगाए जाएं। घाट पर प्राथमिक उपचार और आपात सहायता की व्यवस्था रहे। उन्होंने आयोजन समिति के स्वयंसेवकों और संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कहा कि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिए पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। घाट तक आने-जाने के मार्गों, प्रवेश एवं निकास स्थलों और भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात और पार्किंग की व्यवस्था इस तरह की जाए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, बच्चों को साथ रखने तथा पुलिस एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री प्रवीण झा ने कहा कि अरपा तट का छठ आयोजन श्रद्धा के साथ सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। समिति का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिले। प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के स्वयंसेवक घाट पर श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से नदी और घाट की स्वच्छता बनाए रखने तथा पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों पर रखने की अपील की।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति के समन्वय से पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, समिति के सदस्य सर्वश्री एस.के. सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, ए के कंठ, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा,धनंजय झा, रौशन सिंह, अर्जुन सिंह, प्रशांत सिंह, कुमुद रंजन सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, अनमोल झा, प्रमोद सिंह चंदन सिंह, राम सखा चौधरी, राजीव गिरी, चंद्र किशोर प्रसाद, हरिशंकर कुशवाहा, प्रमोद सिंह, सतीश सिंह, अजीत पंडित, राम गोस्वामी, शौलेंद्र सिंह भरत भूषण झा, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, रुपेश कुशवाह, सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment