🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

सरायपाली में हर मकान को मिलेगी डिजिटल पहचान, क्यूआर कोड स्कैन कर घर बैठे भर सकेंगे जलकर और संपत्ति कर

On: August 2, 2026 8:44 AM

सरायपाली में हर मकान को मिलेगी डिजिटल पहचान, क्यूआर कोड स्कैन कर घर बैठे भर सकेंगे जलकर और संपत्ति कर

सरायपाली। (सौरभ सतपथी (वायरलेस न्यूज) नगर पालिका परिषद सरायपाली शहर को डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल कर रही है। अब नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक मकान को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान (Digital House Number) दी जा रही है। इसके तहत सभी मकानों पर क्यूआर कोड युक्त डिजिटल नंबर प्लेट लगाई जा रही है, जिससे नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन के माध्यम से जलकर एवं संपत्ति कर का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद प्रत्येक मकान की सटीक डिजिटल लोकेशन भी उपलब्ध होगी, जिससे किसी भी व्यक्ति, डिलीवरी एजेंसी, डाक विभाग, एम्बुलेंस, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को संबंधित मकान तक पहुंचने में आसानी होगी।

यह कार्य मैप माई इंडिया द्वारा राज्य शहरी विकास अभिकरण के लिए किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ के 48 नगर पालिका क्षेत्रों और 3 नगर निगमों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। सरायपाली में पिछले लगभग दस दिनों से दो सदस्यीय टीम विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर डिजिटल नंबर एवं क्यूआर कोड प्लेट लगाने का कार्य कर रही है।

डिजिटल नंबरिंग पूरी होने के बाद प्रत्येक मकान का अलग-अलग रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। नागरिक केवल क्यूआर कोड स्कैन कर अपने मकान की जानकारी देख सकेंगे और ऑनलाइन कर भुगतान भी कर पाएंगे। इससे नगर पालिका की कर वसूली व्यवस्था अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक होगी।

नगर पालिका के अनुसार, जब यह सेवा पूरी तरह शुरू हो जाएगी तो इसकी जानकारी नागरिकों तक मुनादी, लाउडस्पीकर एवं अन्य प्रचार माध्यमों से पहुंचाई जाएगी, ताकि सभी लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें। इससे लोगों को कर जमा करने के लिए बार-बार नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
ड्रोन सर्वे के आधार पर तैयार हो रहा डिजिटल रिकॉर्ड

नगर पालिका द्वारा बताया गया कि यह पूरी डिजिटल प्रणाली लगभग दो वर्ष पूर्व कराए गए ड्रोन सर्वे के आधार पर तैयार किए गए डिजिटल मानचित्र पर आधारित है। इसी वजह से बंद, खाली अथवा लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रहे मकानों को भी अलग-अलग डिजिटल नंबर दिए जा रहे हैं।

यदि किसी व्यक्ति के एक से अधिक मकान हैं तो प्रत्येक मकान का अलग डिजिटल नंबर होगा। वहीं, यदि एक ही भवन में अलग-अलग परिवारों के नाम से जलकर या संपत्ति कर दर्ज है तो प्रत्येक उपभोक्ता के लिए अलग क्यूआर कोड युक्त नंबर प्लेट जारी की जा रही है। इससे भविष्य में संपत्तियों का रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित रहेगा और नागरिक सेवाओं का संचालन भी आसान होगा।

*4,971 मकानों का होगा डिजिटलीकरण*

परियोजना से जुड़े टीम लीडर अमर यादव एवं उनके सहयोगी तासीर हुसैन ने बताया कि उनकी दो सदस्यीय टीम वर्तमान में सरायपाली में कार्य कर रही है। इससे पहले वे बस्तर और खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्रों में भी इस प्रकार का डिजिटलीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र में कुल 4,971 मकानों का डिजिटलीकरण किया जाना है। अब तक 5 वार्डों का कार्य पूरा हो चुका है तथा प्रतिदिन लगभग 200 से 250 मकानों पर क्यूआर कोड युक्त डिजिटल नंबर लगाए जा रहे हैं।
यदि कार्य इसी गति से चलता रहा तो अगले 10 से 15 दिनों में पूरे नगर का कार्य पूरा होने की संभावना है। इसके लगभग एक से डेढ़ माह बाद यह डिजिटल व्यवस्था पूरी तरह शुरू हो जाएगी। इसके बाद नागरिक मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर जलकर एवं संपत्ति कर का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे तथा भुगतान के तुरंत बाद उन्हें डिजिटल रसीद भी प्राप्त होगी।

*डिजिटल मकान नंबर के प्रमुख लाभ*

प्रत्येक मकान को मिलेगी स्थायी डिजिटल पहचान।
क्यूआर कोड स्कैन कर घर बैठे जलकर एवं संपत्ति कर का ऑनलाइन भुगतान।
भुगतान के तुरंत बाद डिजिटल रसीद प्राप्त होगी।
मोबाइल के माध्यम से मकान की सटीक लोकेशन साझा करना होगा आसान।

डिलीवरी, एम्बुलेंस, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को मिलेगा लाभ।
नगर पालिका कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी।
समय एवं खर्च की होगी बचत।
बंद, खाली तथा एक से अधिक मकानों को भी अलग-अलग डिजिटल नंबर मिलेंगे।
संपत्तियों का रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगा।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment