🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

सीपत पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर सहित दो आरोपी गिरफ्तार

On: August 14, 2026 11:09 AM

सीपत पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर सहित दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।(वायरलेस न्यूज) सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री 11 अगस्त की सुबह करीब 5.10 बजे अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गए थे। करीब 6 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामने का ताला टूटा हुआ था और पीछे का दरवाजा खुला था। घर के अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी में रखे सोने और चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद उन्होंने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई। बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ ही बीट आरक्षकों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम खम्हरिया निवासी आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका मकान प्रार्थी के घर के आसपास होने के कारण वे उसके परिवार की गतिविधियों से परिचित थे। उन्होंने प्रार्थी और उसकी पत्नी के मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की रेकी की थी।
घटना वाले दिन जैसे ही दंपती मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले, दोनों आरोपी पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए और ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी का माल एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिया था। कुछ जेवरात निर्माणाधीन मकान के अंदर फेंक दिए गए थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर समेत चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया। इसके अलावा चोरी के दौरान ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने वाली पुलिस टीम के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपी:
आदित्य कुमार लहरे, पिता अश्वनी लहरे, उम्र 22 वर्ष
जावेद अली, पिता सहबान अली, उम्र 25 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
बरामदगी:
222.39 ग्राम सोने के जेवर
239.37 ग्राम चांदी के जेवर
ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का रॉड

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment