हजारों की संख्या में समाजजन इंडोर स्टेडियम में होंगे एकत्रित,
बूढ़ी मां मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
कार्यक्रम को लेकर समाज में जबरदस्त उत्साह,

रायपुर, छत्तीसगढ़ , (वायरलेस न्यूज) 04/09/2026। राजधानी रायपुर में गांड़ा समाज द्वारा प्रतिवर्ष अनुरूप इस वर्ष भी नुआखाई शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नुआखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस वर्ष आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर समाज में भारी उत्साह है और राजधानी रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाजजन कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी सामाजिक एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञात हो कि समाज का नुआखाई पर्व आगामी दिनांक 15 सितंबर को है इसके पूर्व 6 सितंबर 2026 को गांड़ा समाज द्वारा एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा समाज की कुलदेवी मां बूढ़ी मंदिर, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर से प्रारंभ होकर राजधानी के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए इंडोर स्टेडियम पहुंचेगी। शोभायात्रा में समाज के हजारों महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजन पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह के साथ शामिल होंगे। विभिन्न स्थानों पर समाज की सांस्कृतिक झलक और सामाजिक एकता का संदेश भी देखने को मिलेगा।
शोभायात्रा के इंडोर स्टेडियम पहुंचने के पश्चात विशाल सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की गरिमामयी उपस्थिति समाज के लिए विशेष गौरव का विषय होगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उड़ीसा के विश्वविख्यात कलाकार सर्वेश्वर भोई एवं उनके ग्रुप द्वारा प्रस्तुत लोक संगीत कार्यक्रम होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ और ओडिशा की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम प्रभारी श्री जितेंद्र तांडी ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि नुआखाई हमारे समाज की परंपरा, संस्कृति, स्वाभिमान और एकता का पर्व है। 6 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज की व्यापक भागीदारी यह संदेश देगी कि गांड़ा समाज अपनी संस्कृति और सामाजिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक एवं संगठित है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी शक्ति प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक गौरव का सकारात्मक प्रदर्शन है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर में एक ऐतिहासिक सामाजिक आयोजन के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
श्री जितेंद्र तांडी ने समाज के सभी महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजनों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर नुआखाई महोत्सव को सफल बनाएं और अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
आज मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें आमंत्रित करने वालों में प्रमुख रूप से उत्तर विधानसभा के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, गांड़ा समाज के नेता श्री किशोर महानंद, (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) उपाध्यक्ष श्रम कल्याण मंडल, सामाजिक संस्था गांड़ा महासभा के संयोजक श्री रघुचन्द निहाल, एल्डरमैन श्री गोपाल सोना, समाज सेवी श्री चक्रधारी जगत, महिला नेत्री श्रीमती सावित्री जगत, पूर्व पार्षद प्रकाश जगत, त्रिलोचन सोना श्रीमती ईश्वरी क्षत्रि, प्रदीप क्षत्रि, युवा नेता हेमलाल नायक उपस्थित थे।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़September 5, 2026गांड़ा समाज के “नुआखाई” कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
अपराधSeptember 4, 2026पिस्टल दिखाकर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तारकोटा पुलिस ने 100 प्रतिशत माल किया बरामद, पिस्टल समेत कार, बाइक और छह मोबाइल जब्त
छत्तीसगढ़September 4, 2026कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जशपुर में विकसित हो रही शतरंज की नई संस्कृति
मध्य प्रदेशSeptember 4, 2026केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का मध्य प्रदेश प्रवास: इंदौर मेट्रो सहित शहरी विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा


