🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पत्रकार और उनके परिवार के स्वास्थ्य की ली सुध ,प्रेस क्लब और अपोलो के बीच हुआ ऐतिहासिक एमओयू

On: September 7, 2026 2:17 PM

अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पत्रकार और उनके परिवार के स्वास्थ्य की ली सुध

प्रेस क्लब और अपोलो के बीच हुआ ऐतिहासिक एमओयू

पत्रकारों और परिजनों को मिलेगी रियायती स्वास्थ्य सुविधा

जल्द लगेगा मेगा हेल्थ कैंप,

कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी अंतिम दौर में

बिलासपुर ( वायरलेस न्यूज 7 सितंबर) । पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने अब एक बड़ी और ठोस पहल की है। वर्षों से पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस और प्रभावी व्यवस्था सामने नहीं आ सकी थी। अब बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल के बीच एमओयू साइन हो गया है। इस समझौते के बाद प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों को अपोलो में उपचार की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में रास्ता साफ हो गया है। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ केवल पत्रकारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके परिवार के सदस्य भी इसका लाभ उठा सकेंगे।

अब इलाज के लिए नहीं भटकेंगे पत्रकार

पत्रकारिता से जुड़े अधिकांश लोग मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण बड़े चिकित्सा संस्थानों में महंगा इलाज कराना कई बार उनके लिए चुनौती बन जाता है। परिवार में किसी गंभीर बीमारी की स्थिति आने पर पत्रकारों को बेहतर इलाज और आर्थिक मदद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

ऐसे में बिलासपुर प्रेस क्लब की यह पहल पत्रकारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी । देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल अपोलो में पत्रकारों और उनके परिजनों को रियायती दरों पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रेस क्लब प्रबंधन लंबे समय से प्रयासरत था।

मेगा हेल्थ कैंप की भी तैयारी

एमओयू के बाद अब अगला बड़ा कदम पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए मेगा हेल्थ कैंप लगाने की तैयारी है। अपोलो प्रबंधन के सहयोग से आयोजित होने वाले इस स्वास्थ्य शिविर में पत्रकारों एवं उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की योजना है।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों के मुताबिक मेगा हेल्थ कैंप जल्द आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से पत्रकारों को समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने का अवसर मिलेगा।

कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी भी अंतिम चरण में

बिलासपुर प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की दिशा में भी तेजी से काम कर रहा है। बीमा कंपनियों से बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रस्तावित कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस में पत्रकारों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी शामिल किए जाने की योजना है। यदि यह व्यवस्था अंतिम रूप लेती है तो पत्रकारों के परिवारों को अचानक आने वाले बड़े चिकित्सा खर्च से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।

अजीत मिश्रा के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि

पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर की गई यह पहल वर्तमान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गई है। अध्यक्ष बनने के बाद से ही मिश्रा पत्रकारों के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं और स्वास्थ्य सुविधा को लेकर अपोलो प्रबंधन से लगातार बातचीत कर रहे थे।

लगातार प्रयासों का परिणाम अब एमओयू के रूप में सामने आया है। प्रेस क्लब का मानना है कि पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सेवा को सहज, सुलभ और किफायती बनाना केवल सुविधा नहीं, बल्कि पत्रकार कल्याण की दिशा में आवश्यक कदम है।

एमओयू के दौरान ये रहे मौजूद

अपोलो के एचआर डिपार्टमेंट में प्रबंधन के साथ हुए एमओयू के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर मौजूद रहे।

पत्रकार हित में प्रेस क्लब का नया मॉडल

बिलासपुर में लंबे समय से संचालित प्रेस क्लब के इतिहास में पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर इस तरह की संस्थागत पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में कोई ऐसी ठोस व्यवस्था नहीं बन सकी थी, जिसका सीधा लाभ पत्रकारों और उनके परिवारों को मिल सके। एमओयू के बाद प्रेस क्लब ने यह संदेश दिया है कि पत्रकार केवल खबरों की जिम्मेदारी निभाने वाला वर्ग नहीं, बल्कि उसके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा भी संस्था की प्राथमिकता है।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment