🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

मां की आराधना के साथ मानव सेवा ही नवरात्रि का सच्चा संदेश:महंत ओम नारायण द्विवेदी

On: October 14, 2026 2:26 PM

मां की आराधना के साथ मानव सेवा ही नवरात्रि का सच्चा संदेश:महंत ओम नारायण द्विवेदी


शीतला माता की मढ़िया सहित प्रमुख देवी मंदिरों में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रतिदिन महाआरती और जगह-जगह भंडारों का आयोजन

मनेन्द्रगढ़। (रामचरित द्विवेदी वायरलेस न्यूज) नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मनेन्द्रगढ़ नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। नगर के प्रमुख देवी मंदिरों में प्रतिदिन मां दुर्गा का विशेष श्रृंगार, पूजा-अर्चना और महाआरती की जा रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। शाम के समय होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर मां दुर्गा के जयकारे लगाते हैं। वहीं, जगह-जगह भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया जा रहा है।

श्री राम मंदिर के संस्थापक महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी ने नवरात्रि पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां की आराधना के साथ मानव सेवा और परोपकार करना ही नवरात्रि का सच्चा संदेश है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना का पावन पर्व है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं। यह पर्व हमें श्रद्धा, संयम, सकारात्मकता और अच्छे कर्मों की प्रेरणा देता है।

संस्थापक महंत ओम नारायण द्विवेदी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तब और बढ़ जाती है, जब उनके माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। भंडारे और प्रसाद वितरण जैसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने के साथ जरूरतमंदों की सहायता करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नवरात्रि पर्व को पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाएं तथा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की विजय और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। नवरात्रि के दौरान पूजा-पाठ के साथ अपने आचरण में भी सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों की सहायता करना और दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनना भी सच्ची सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

देवी मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित श्री शीतला माता की मढ़िया में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन मां का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। यहां होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से भर जाता है और मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठता है।

इसी प्रकार आमाखेरवा रोड स्थित श्री दुर्गा धाम में भी नवरात्रि को लेकर विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। यहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना, मां का आकर्षक श्रृंगार और महाआरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

वहीं, नई लेदरी स्थित छोटे सिद्ध बाबा धाम परिसर में विराजमान मां दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। यहां प्रतिदिन होने वाली महाआरती में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं और मां दुर्गा से सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

भंडारों से सेवा और सद्भाव का संदेश

नवरात्रि पर्व के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को प्रसाद और भोजन वितरित किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों के साथ सेवा कार्यों से समाज में सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना भी दिखाई दे रही है।

नवरात्रि के चलते प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों की चहल-पहल बनी हुई है। मां का विशेष श्रृंगार, महाआरती, प्रसाद वितरण और भंडारों के आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment