🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

जेएसपीएल के अंगुल प्लांट में 500 टन लिक्विड ऑक्सीजन का स्टॉक, 100 टन प्रतिदिन आपूर्ति की क्षमता। तेलंगाना, मध्य प्रदेश और दिल्ली भेजे जा रहे टैंकर हमारे लिए देश प्रथम, कोविड के खिलाफ युद्ध में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध: नवीन जिंदल

On: April 23, 2021 5:03 PM

छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश और दिल्ली तक भी ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहा जेएसपीएल रायगढ़

· दिल्ली और राजस्थान की भी जेएसपीएल करेगा मदद

· ओडिशा और छत्तीसगढ़ की अनेक संस्थाओं को कोविड-19 की पहली लहर के समय से ही भेजी जा रही ऑक्सीजन की खेप

रायगढ़ (अनिल आहूजा वायरलेस न्यूज़ 23 अप्रैल 2021) . जिंदल स्टील एंड पॉवर लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र से न सिर्फ छत्तीसगढ़, बल्कि मध्य प्रदेश और दिल्ली तक में आपातकालीन परिस्थितियों में मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। वहीं, अंगुल संयंत्र ओडिशा के साथ राजस्थान और तेलंगाना तक ऑक्सीजन की खेप निरंतर भेज रहा है।

जेएसपीएल के चेयरमैन और कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद श्री नवीन जिन्दल ने इस विषय में कहा कि देश हमारे लिए प्रथम है और कोविड-19 की दूसरी लहर के खिलाफ युद्ध में जेएसपीएल केंद्र और राज्य सरकारों का हरसंभव सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत और दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीवन अनमोल है और लोगों का जीवन बचाने के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगे।

श्री जिन्दल ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं, पास हैं। इस समय जेएसपीएल अंगुल प्लांट में 500 टन लिक्विड ऑक्सीजन का स्टॉक है, जिसका इस्तेमाल मरीजों की जान बचाने में किया जा सकता है। इसके अलावा जेएसपीएल प्रतिदिन 100 टन ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में सक्षम है और राज्य सरकारों को सहयोग देने के लिए तैयार है।

इसी सप्ताह मध्य प्रदेश से सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री विवेक तनखा के अनुरोध पर जेएसपीएल के रायगढ़ प्लांट से 16-16 टन के दो ऑक्सीजन टैंकर जबलपुर भेजे गए। इसी तरह गुना जिले के राघवगढ़ में 16 टन का ऑक्सीजन टैंकर भेजा गया, जिसके लिए वहां के विधायक श्री जयवर्धन सिंह ने श्री नवीन जिन्दल का धन्यवाद किया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने भी इस सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से बातचीत में श्री नवीन जिन्दल ने विश्वास दिलाया कि रायगढ़ प्लांट से उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी, जिसके प्रत्युत्तर में श्री चौहान ने कहा, “आपके सहयोग से हमें कोविड-19 के खिलाफ युद्ध में एक नई ताकत मिलेगी।” इसके बाद रायगढ़ प्लांट से भोपाल 1 टैंकर और दिल्ली 2 टैंकर रवाना किये गए। रायगढ़ से ही रायपुर के लिए 16-16 टन के दो टैंकर भेजे गए हैं।

महामारी के खिलाफ जंग में अग्रिम मोर्चे से कमान संभालते हुए जेएसपीएल ने कल अपने अंगुल प्लांट से 20 टन ऑक्सीजन तेलंगाना भेजी। आज राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के बतरा अस्पताल, मेदांता अस्पताल और आर्टेमिस अस्पताल के लिए तीन टैंकर ऑक्सीजन रवाना करने की तैयारी है। अन्य प्रदेशों और प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से भी मांग आ रही है, जिसे पूरा करने के लिए जेएसपीएल कृतसंकल्पित है। अंगुल प्लांट से भी मध्य प्रदेश के लिए बड़ी खेप भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा तेलंगाना से आठ और टैंकर आने की सूचना है।

गौरतलब है कि पिछले साल मार्च महीने में जब पहली लहर आई थी तब उसकी रोकथाम और मरीजों की जान बचाने के लिए अकेले ओडिशा में जेएसपीएल ने 750 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति अंगुल प्लांट से की थी। इसी तरह रायगढ़ संयंत्र से भी मेडिकल कॉलेज में पिछले एक वर्ष से ऑक्सीजन की निरंतर आपूर्ति की जा रही है।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment