किशोर कर वायरलेस न्यूज़ ब्यूरोचीफ महासमुंद

राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्त्रोत निकले : श्री बघेल

महासमुंद – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रविवार चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज, छत्तीसगढ़ प्रदेश के 51 वें केंद्रीय महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि समाज में सबकी भागीदारी से ही समाज का विकास होता है। समाज में समाजिक समरसता आती है। समाज वह है जो सबको साथ लेकर चलें इससे सबके कल्याण का रास्ता निकलता है। कार्यक्रम महासमुंद बागबाहरा रोड स्थित शांत्रीबाई स्कूल परिसर में

आयोजित हुआ। यहां चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकता बनाये रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस मौक़े पर मुख्यमंत्री ने चंद्रोदय पब्लिक स्कूल और शांत्रीबाई महाविद्यालय के द्वितीय तल पर निर्मित अतिरिक्त निर्माण का लोकार्पण किया। दोनों द्वितीय तल पर निर्मित कार्यों की लागत 70 लाख रुपए है। इनका निर्माण छत्तीसगढ़ चंद्रनाहूँ शिक्षण समिति एवं विधायक निधि से किया गया है।
छत्तीसगढ़ चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज के 51 वें केंद्रीय महाधिवेशन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समाज के पुरखों और विभूतियों ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने शिक्षा, कृषि, सहकारिता के साथ-साथ समाज सुधार जैसे उल्लेखनीय क्षेत्रों में भी अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी नही की जाएगी। उन्होंने राज्य सरकार की सभी योजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा की योजनाओं से किसान, गरीब, मज़दूर चिन्ता मुक्त हुए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्त्रोत निकले है। वे लोग जिसके पास कोई रोजगार नहीं होता था, वे भी गोबर बेचकर रोजगार के साथ लाभ कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही है उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मज़दूर न्याय योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना 6000 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में आएगी। छत्तीसगढ़ में वृक्षारोपण कार्य को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली है, अगर वो धान की फसल के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 साल तक प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में सुराजी गांव योजना के तहत स्वीकृत गोठानों में ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से गोबर खरीदी की जा रही है। खरीदे गए गोबर से वर्मी कंपोस्ट बन रहा है। वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की जा रही है । छत्तीसगढ़ के हजारों महिला स्वयं सहायता समूह गोठनों में गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार करने का काम कर रहे हैं। वर्मी कंपोस्ट की विक्रय से उनकी आय में इजाफा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए सरकारी अंग्रेजी मीडियम स्कूल बनाये हैं। प्रदेश के सभी तहसील में एक आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए है। जल्दी छत्तीसगढ़ के बच्चें फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में भर्ती की कार्रवाई शुरू हो गई है। लोगों को उनकी योग्यताओं के अनुसार नौकरी मिलेगी। कार्यक्रम को राज्यसभा सदस्य श्रीमती छाया वर्मा, संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर और चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चंद्राकर ने भी सम्बोधित किया । इस अवसर पर समाज के द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह बसना, विधायक खल्लारी श्री द्वारिकाधीश यादव, पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर सहित निगम मंडल के अध्यक्ष जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Author Profile

Amit Mishra - Editor in Chief
Amit Mishra - Editor in Chief
Latest entries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *