🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में उत्साहपूर्वक आयोजन ।* *“योग स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन का आधार” – श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक*

On: June 21, 2026 9:07 AM

*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में उत्साहपूर्वक आयोजन ।*

*“योग स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन का आधार” – श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक*

बिलासपुर, ( वायरलेस न्यूज 21 जून 2026)

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिलासपुर स्थित न्यू ऑडिटोरियम में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अध्यक्षा सेक्रो, अपर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्षगण, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर, योगाचार्य श्री एल. पी. नायक एवं उनकी टीम, यूनियन प्रतिनिधिगण, रेलवे परिवार के सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गायत्री मंत्र पाठ एवं शंखध्वनि के मध्य संपन्न इस आयोजन ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन एवं भारतीय योग संस्थान के सदस्यों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

अपने उद्बोधन में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सभी उपस्थितजनों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने सम्पूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है।

महाप्रबंधक ने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” है, जो स्वस्थ, सक्रिय एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। उन्होंने बताया कि योग नियमित रूप से अपनाने पर शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक संतुलन तथा भावनात्मक दृढ़ता प्रदान करता है और जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों की रोकथाम में सहायक सिद्ध होता है।

उन्होंने कहा कि रेलवे जैसे विशाल एवं गतिशील संगठन में, जहाँ चौबीसों घंटे यात्रियों एवं माल परिवहन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई जाती है, वहाँ कर्मचारियों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। योग इस दिशा में एक सरल, सुलभ एवं प्रभावी माध्यम है, जिसे प्रत्येक आयु वर्ग का व्यक्ति सहजता से अपना सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आयोजित माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से भी जुड़े तथा उनके प्रेरणादायी संबोधन का श्रवण किया। प्रधानमंत्री ने योग को जन-जन के जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में इसकी भूमिका पर बल दिया।

इसके पश्चात योगाचार्य श्री एल. पी. नायक के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सूर्य नमस्कार का आकर्षक प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

अंत में महाप्रबंधक द्वारा योग संकल्प का वाचन कराया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर तीनों मंडलों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यशालाओं, कारखानों तथा विभिन्न रेल संस्थानों में भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में हजारों रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment