रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड को मिला नया नेतृत्व, प्रमोद अग्रवाल बने अध्यक्ष, रौनक साव सचिव

बिलासपुर।( वायरलेस न्यूज) रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड का 9वां इंस्टॉलेशन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में क्लब के सदस्यों एवं उनके परिवारों के साथ-साथ बिलासपुर के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ रोटेरियंस एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में रोटरी के मूल्यों, सेवा की भावना तथा संवेदनशीलता के साथ समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वास्तविक सेवा वही है, जिसमें समाज की आवश्यकताओं को समझते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने रोटरी को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी रोटेरियंस से सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. देविंदर सिंह ने टीमवर्क की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके सदस्यों की एकजुटता, समर्पण और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने क्लब में शामिल हुए 9 नए सदस्यों का स्वागत किया तथा उन्हें रोटरी के सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
गेस्ट ऑफ ऑनर एवं सहायक प्रांतपाल रोटेरियन नवीन सिस्तला ने रोटरी के गौरवशाली इतिहास, उसके वैश्विक विस्तार एवं विश्वभर में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने नए नेतृत्व को शुभकामनाएँ देते हुए सेवा, नेतृत्व और फेलोशिप की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों एवं सेवा परियोजनाओं का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा पूरे वर्ष मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों एवं रोटरी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
रोटरी की परंपरा के अनुसार कॉलर एक्सचेंज के माध्यम से डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने अध्यक्ष पद का दायित्व रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल को सौंपा। वहीं रोटेरियन रौनक साव ने सचिव तथा रोटेरियन विमलेश अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष (Treasurer) पद का कार्यभार ग्रहण किया।
अपने प्रथम अध्यक्षीय उद्बोधन में रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि आगामी वर्ष में क्लब का विशेष ध्यान सार्थक एवं स्थायी सेवा परियोजनाओं, सशक्त फेलोशिप, सदस्य सहभागिता तथा समाज पर सकारात्मक एवं दीर्घकालिक प्रभाव उत्पन्न करने पर रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर रोटरी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान क्लब में 9 नए सदस्यों—अखिलेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अनुमय श्रीवास्तव, अविनाश अग्रवाल, डॉ. रवि शेखर, गिरीश आहूजा, नवदीप अरोड़ा, शरद अग्रवाल एवं विशाल जैन—का विधिवत अधिष्ठापन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्लब सचिव रोटेरियन रौनक साव ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन डाक्टर.अनुभूति प्रजापति ने किया। समारोह के उपरांत सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने स्नेहभोज में सहभागिता कर फेलोशिप को और सुदृढ़ किया।
इस अवसर पर शहर के जाने-माने उद्योगपति एवं समाजसेवी तथा क्लब के मानद सदस्य प्रवीण झा, डॉ. सुनील केड़िया, डॉ दीपक गुप्ता डॉ. अमित वर्मा, संजय दुआ, बालचंद जायसवाल,मनोज उभरानी, तिलक राज कालरा, विकास केजरीवाल, गुरमीत सिंह, सतीश सुल्तानिया, चरणजीत सिंह गंभीर, मुकेश अग्रवाल, विनोद मित्तल, डॉ. गौरव प्रजापति, पीयूष गुप्ता, प्रकाश माहेश्वरी ,शैलेश अग्रवाल,ललित बोबड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ रोटेरियंस एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़August 17, 2026नाबालिग बालिका के अपहरण और जबरन विवाह मामले में 18 माह से फरार ईनामी दम्पत्ति गिरफ्तार
राष्ट्रीयAugust 17, 2026ब्रेकिंग न्यूज़:झारखंड सरकार ने लंबे समय से चल रहे आंदोलनकारियों की मांग मानी
खेल जगतAugust 17, 2026करगीरोड कोटा में दो दिवसीय खो खो कबड्डी प्रतियोगिता का समापन
बिलासपुरAugust 17, 2026“बने खाबो बने रहिबो” अभियान के तहत व्यापार विहार और शनिचरी के दुकानों में छापा मिठाइयों के नमूने लिए गए

