न्यायधानी के भाईचारे को किसकी नजर लगी? खपरगंज हिंसा के बाद उठे कई सवाल
विवाद के बाद पथराव और पुलिस पर हमले की घटना से मचा हड़कंप, अब दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद
बिलासपुर। (अमित मिश्रा संपादक वायरलेस न्यूज) न्यायधानी बिलासपुर अपनी सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के लिए हमेशा से पहचानी जाती रही है। अलग-अलग समुदायों के लोग यहां वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। ऐसे में खपरगंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई हिंसा ने शहर के शांत माहौल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद ने देखते ही देखते मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए सख्ती करनी पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है।
सोशल मीडिया विवाद से हिंसा तक पहुंचा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी और उसके बाद उत्पन्न विवाद को वजह बताया जा रहा है। हालांकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह और हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस द्वारा CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। इसके आधार पर पथराव, मारपीट और अन्य उपद्रवी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस पर पथराव ने बढ़ाई चिंता
कानून-व्यवस्था संभालने पहुंची पुलिस पर ही पथराव की घटना को गंभीर माना जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी कि भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया।
शहरवासियों की मांग है कि घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई धर्म देखकर नहीं, अपराध देखकर हो
खपरगंज की घटना को किसी समुदाय विशेष से जोड़कर देखना स्थिति को और बिगाड़ सकता है। हिंसा करने वाला व्यक्ति अपने कृत्य के लिए जिम्मेदार है और उसकी पहचान अपराध के आधार पर होनी चाहिए।
__________________________________
पूर्व एल्डरमैन श्री मनीष अग्रवाल ने वायरलेस न्यूज को अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाई सब घटना का अलग-अलग कारण होता है वैसे बिलासपुर में कल रात शुक्रवार को लगभग 10:00 बजे यह घटना घटित हुई है जो सुबह तक चलती रही, और शायद सोशल मीडिया न्यूज़ और बड़े चैनल में भी यह घटना 10:30 11:00 बजे दिखाई जाने लगी लेकिन जो घटना हुई घटनास्थल पर दोनों वर्गों से ऐसे कोई भी चेहरे या जो आज चर्चा कर रहे हैं वह वहां पर शायद नहीं पहुंचे जो भी कारण रहा हो जानकारी हिंदू समाज और जानकारी मुस्लिम समाज के भी बड़े-बड़े विचारकों एवं वरिष्ठ जनों को मीडिया के माध्यम से लग ही गई होगी परंतु यदि शहर में प्रेम भाईचारा शांति बनाने हो सकता है कल युवा पीढ़ी को समझने दोनों तरफ से यदि वरिष्ठ विचारक पहुंचने तो घटना निर्मित नहीं होती सबसे बड़ी बात की घटना बहुत बड़ी हो सकती थी क्योंकि जो भीड़ इकट्ठा हुई और जो गलियों में भीड़ जमा हो रही थी वह पुलिस प्रशासन और प्रशासन के तत्काल करें निर्णय से जो भी घटना हुई उसको बड़ा रूप लेने से रोका गया
मैं स्वयं 10:00 बजे रात्रि से 2:30 बजे रात तक उसे क्षेत्र में रहा हूं और मैं साक्षात देखा हूं घटना बहुत बड़ी हो सकती थी जो भविष्य के लिए खतरनाक है।
_____________________________________
पथराव, मारपीट, पुलिस पर हमला, अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही किसी निर्दोष को केवल संदेह या सामुदायिक पहचान के आधार पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
अब कार्रवाई पर टिकी शहर की नजर
घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करती है। CCTV और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यदि उपद्रवियों की पहचान होती है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अपेक्षित है।
बिलासपुर की पहचान शांति और भाईचारे से रही है। कुछ लोगों की हिंसक गतिविधियों का असर पूरे समाज पर नहीं पड़ना चाहिए। जरूरत इस बात की है कि प्रशासन दोषियों पर कानून का शिकंजा कसे और साथ ही शहर के सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए सभी वर्गों में विश्वास कायम करे।

Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
बिलासपुरAugust 29, 2026समय रहते संवाद, संयम और जिम्मेदार हस्तक्षेप जरूरी, भाईचारे को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी (पूर्व एल्डरमैन श्री मनीष अग्रवाल)
अन्यAugust 29, 2026न्यायधानी के भाईचारे को किसकी नजर लगी? खपरगंज हिंसा के बाद उठे कई सवाल
बिलासपुरAugust 28, 2026दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो हुआ, दोनों ओर से चली पत्थर, कलेक्टर एस एस पी भी मौके पर पहुंचे
बिलासपुरAugust 28, 2026बिलासपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, लैंडिंग के दौरान विमान का टायर पंचर


