🇮🇳Odia
अन्तर्राष्ट्रीय अपराध खेल जगत छत्तीसगढ़ धर्म-कला-संस्कृति बिलासपुर मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय रेलवे साक्षात्कार हाईकोर्ट अन्य

रेलवे सुरक्षा बल गोंदिया की कार्रवाई ,72.661 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ₹36.33 लाख का मादक पदार्थ बरामद

On: August 25, 2026 5:28 PM

ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल, गोंदिया की कार्रवाई

72.661 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ₹36.33 लाख का मादक पदार्थ बरामद

बिलासपुर, ( वायरलेस न्यूज 25 अगस्त 2026)

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन नारकोस” के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल गोंदिया की अपराध गुप्तचर शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 69 पैकेट में कुल 72.661 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹36,33,050/- है, बरामद किया गया।

दिनांक 24 अगस्त 2026 को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल क्राइम टीम, गोंदिया के अधिकारी एवं बल सदस्यों ने गाड़ी संख्या 22827 पुरी–सूरत एक्सप्रेस में दरेंकसा–गोंदिया के मध्य कार्रवाई की। टीम ने कोच संख्या B-5 में यात्रा कर रहे एक महिला एवं एक पुरुष यात्री को चार ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम टूकु नायक, उम्र 38 वर्ष तथा ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू, उम्र 35 वर्ष, निवासी काटाभाजी, बलांगीर (ओडिशा) बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उनके चारों ट्रॉली बैग से 69 पैकेट गांजा, कुल वजन 72.661 किलोग्राम, बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त गांजा कांटाभाजी, ओडिशा से ट्रेन के माध्यम से भुसावल, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा पूर्व में भी लगभग 10 बार गांजा तस्करी किए जाने की जानकारी दी गई। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध ओडिशा के विभिन्न स्थानों में पूर्व के आपराधिक प्रकरण भी दर्ज होना पाया गया।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए दोनों आरोपियों को बरामद गांजा सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंदिया के सुपुर्द किया गया। जीआरपी गोंदिया द्वारा दिनांक 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 153/2026, धारा 8(c), 20(b)ii(c), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत अग्रिम विवेचना की जा रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल के माध्यम से लगातार सघन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन नारकोस” के तहत रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई रेल परिसर एवं ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


Author Profile

Amit Mishra
Amit Mishra
अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Facebook

Join Now

Leave a Comment