बिलासपुर का बढ़ा गौरव, डॉ. ललित मखीजा बने विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांताध्यक्ष
बिलासपुर। ( वायरलेस न्यूज) विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक 19 एवं 20 जुलाई को छतरपुर, नई दिल्ली में संपन्न हुई। बैठक में बिलासपुर के प्रख्यात नेत्र चिकित्सक एवं विनायक नेत्रालय के संचालक डॉ. ललित मखीजा को विश्व हिंदू परिषद, छत्तीसगढ़ प्रांत का प्रांताध्यक्ष घोषित किया गया। डॉ. मखीजा इससे पूर्व विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष के दायित्व का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
डॉ. ललित मखीजा को प्रांताध्यक्ष बनाए जाने से बिलासपुर का संगठनात्मक, सामाजिक एवं धार्मिक महत्व प्रदेश स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हुआ है। विश्व हिंदू परिषद जैसे राष्ट्रव्यापी संगठन में बिलासपुर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं समाजसेवी को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसे बिलासपुर के बढ़ते वर्चस्व, सामाजिक योगदान एवं संगठनात्मक सक्रियता का प्रतीक बताया।
घोषणा के उपरांत मगरपारा रोड स्थित विनायक नेत्रालय में शुभकामनाएँ देने वालों का ताँता लगा रहा। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने पहुँचकर डॉ. मखीजा का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, विभाग मंत्री राजीव शर्मा, जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता, धर्म जागरण समन्वय से भृगु अवस्थी, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री एस. के. मनहर, राजेश तिवारी, हिंदू जागरण मंच से सौरभ दुबे, अवनेश त्रिपाठी, संजू विरानी सहित बड़ी संख्या में मित्रगण, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मखीजा को नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए संगठन के प्रभावी विस्तार एवं समाजहित के कार्यों में उनके सफल नेतृत्व की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रांताध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा ने कहा कि, “विश्व हिंदू परिषद ने मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास व्यक्त करते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसके लिए मैं संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। यह मेरे लिए सम्मान नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक बड़ा उत्तरदायित्व है।
छत्तीसगढ़ प्रांत में हम विश्व हिंदू परिषद के सेवा, संस्कार, संगठन एवं सुरक्षा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की गतिविधियाँ पहुँचें तथा हिंदू समाज को और अधिक संगठित, जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाया जा सके।
विशेष रूप से युवाओं को भारतीय संस्कृति, सनातन जीवन मूल्यों एवं राष्ट्रभाव से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे। धर्म जागरण, परिवार प्रबोधन, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों का विस्तार तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुँच सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकताओं में रहेगा।
जहाँ कहीं भी विभिन्न कारणों से अपने मूल सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों से दूर हुए परिवार हैं, उनके साथ आत्मीय संवाद स्थापित कर, पूर्णतः स्वैच्छिक भाव से उन्हें पुनः अपनी परंपराओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। समाज में किसी भी प्रकार के प्रलोभन, भय अथवा दबाव के आधार पर होने वाले धर्मांतरण के प्रति जनजागरण भी संगठन का एक महत्वपूर्ण विषय रहेगा।
विश्व हिंदू परिषद सदैव समाज को जोड़ने, सेवा करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का माध्यम रही है। संतों के आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं के समर्पण और समाज के सहयोग से हम छत्तीसगढ़ में संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।”
डॉ. मखीजा की नियुक्ति पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रांत में संगठनात्मक कार्यों का और अधिक विस्तार होगा तथा सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं धर्म जागरण के कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
Author Profile

- अमित मिश्रा ने वर्ष 1984 से पत्रकारिता को अपने कर्मक्षेत्र के रूप में अपनाया और तब से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। चार दशकों से अधिक की उनकी यह यात्रा समाचार, समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Latest entries
छत्तीसगढ़August 17, 2026नाबालिग बालिका के अपहरण और जबरन विवाह मामले में 18 माह से फरार ईनामी दम्पत्ति गिरफ्तार
राष्ट्रीयAugust 17, 2026ब्रेकिंग न्यूज़:झारखंड सरकार ने लंबे समय से चल रहे आंदोलनकारियों की मांग मानी
खेल जगतAugust 17, 2026करगीरोड कोटा में दो दिवसीय खो खो कबड्डी प्रतियोगिता का समापन
बिलासपुरAugust 17, 2026“बने खाबो बने रहिबो” अभियान के तहत व्यापार विहार और शनिचरी के दुकानों में छापा मिठाइयों के नमूने लिए गए

